भदैंया (सुल्तानपुर)। कोतवाली देहात थाने के पास बृहस्पतिवार रात रुकी बस पर चढ़कर सामान उतार रहा श्रद्धालु ऊपर से गुजरी एचटी लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वाराणसी से अयोध्या जा रहे बस सवार श्रद्धालु रात्रि विश्राम के लिए कोतवाली देहात थाने के बगल स्थित विश्वकर्मा मंदिर के पास रुके थे। श्रद्धालुओं ने यहां भोजन बनाया। भोजन करने के बाद मनोज प्रसाद पटेल (50) निवासी महुआ टोला, जैतपुर, सारवी जिला शहडोल, मध्य प्रदेश बस के ऊपर चढ़कर कुछ सामान रख रहे थे। तभी ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना देर रात करीब 11 बजे हुई। पोस्टमॉर्टम के बाद मृतक की पत्नी व कुछ अन्य लोग दूसरे वाहन से शव को लेकर पैतृक गांव चले गए। शेष श्रद्धालु अयोध्या रवाना हो गए हैं।