सुल्तानपुर। कादीपुर क्षेत्र की हजारों की आबादी के लिए फौरी राहत की खबर है। गोमती नदी पर बने डेवाढ़ घाट पुल को फिलहाल अभी बंद नहीं किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने तय किया है कि नया पुल बनने तक पुराने पुल से आवागमन जारी रहेगा, लेकिन इसके बाद इस पुल पर सिर्फ हल्के वाहन ही चल सकेंगे। भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह रोक दिया जाएगा।
वर्ष 1970 के आसपास बने इस पुल को तीन वर्ष पहले पीडब्ल्यूडी ने जर्जर घोषित कर दिया था। विभागीय जांच में पुल की हालत खराब मिलने के बाद शासन ने पुराने पुल के समानांतर नया पुल बनाने की मंजूरी दी। लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से नए पुल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
पुराने पुल की स्थिति लगातार कमजोर होने के कारण अब विभाग ने उसकी दोबारा मरम्मत कराने से हाथ खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल पुल की निगरानी की जा रही है और जरूरत के अनुसार छोटे स्तर पर रखरखाव भी किया जा रहा है, जिससे नए पुल के तैयार होने तक लोगों की आवागमन बाधित न हो।