प्रेसवार्ता करते विधायक विनोद सिंह।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। शहर में डेंगू के प्रकोप के बीच शहर भाजपा विधायक ने जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। विधायक ने सीएम से प्रशासन समेत अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। शनिवार को जिला पंचायत सभागार में प्रेसवार्ता में भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई कराने तक लड़ाई जारी रखने का एलान किया।
विधायक ने कहा कि डेंगू का प्रकोप बहुत तेज है। प्रत्येक परिवार में कम से कम एक व्यक्ति डेंगू की चपेट में आ गया है। क्षेत्र भ्रमण व आमलोगों से बातचीत करने के बाद इसकी जानकारी मिली है। इस संबंध में स्वास्थ्य व मलेरिया विभाग और नगर पालिका के अधिकारियों के साथ बैठक करके डेंगू पर नियंत्रण की कार्ययोजना बनाई गई लेकिन उस पर अमल नहीं हो पा रहा है। मलेरिया विभाग व नगर पालिका की फॉगिंग मशीन खराब है। किसी के पास फॉगिंग के लिए केमिकल तक उपलब्ध नहीं है। इस संबंध में डीएम से कई बार वार्ता भी की गई लेकिन व्यवस्था ठीक नहीं हो सकी।
विधायक ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए डीएम समेत अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। कहा कि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे मंगलवार को मुख्यमंत्री से भेंट करके कार्रवाई की मांग करेंगे। बताया कि भ्रष्टाचार व लापरवाही के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी। नगर पालिका का 24 करोड़ रुपया भ्रष्टाचार से बचा लिया। बताया कि वेंडिंग जोन का निर्माण, सिविल कोर्ट को शहर से बाहर ले जाने का उनका लक्ष्य है। इस मौके पर भाजपा नेता प्रवीण अग्रवाल, शशीकांत पांडेय, नगर अध्यक्ष आकाश जायसवाल समेत अन्य मौजूद रहे।