डेंगू की जांच करता स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। जिले में डेंगू से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। मंगलवार को मलेरिया विभाग ने शहर में तीन स्थानों पर शिविर लगाकर 74 लोगों की जांच की, जिसमें सात लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए। वहीं, जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में 138 लोगों की जांच में 28 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। डेंगू से पीड़ित मरीज जिला अस्पताल के साथ ही शहर के अधिकांश प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हैं।
जिला अस्पताल में मंगलवार को मरीजों से सभी ओपीडी कक्ष खचाखच भरी रही। चिकित्सक को दिखाने पहुंचने वाले अधिकांश लोग बुखार से पीड़ित थे। चिकित्सकों ने 138 लोगों की एनएस-1 डेंगू की जांच कराई। जिला अस्पताल के लैब टेक्नीशियन शेषनाथ ने बताया कि जांच में 28 लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, जिला मलेरिया अधिकारी बंशीलाल के निर्देश पर लैब टेक्नीशियन आरपी सिंह की टीम ने मंगलवार को शहर के विवेकनगर मोहल्ले में शिविर लगाकर 28 लोगों की जांच की गई। इनमें पांच लोग डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। इसके साथ ही करौंदिया में छह लोगों की जांच में दो लोग डेंगू पीड़ित मिले हैं। वहीं, रामकली चौराहे के पास भी टीम ने 40 लोगों की जांच की। हालांकि यहां पर कोई डेंगू पॉजिटिव नहीं मिला।
फॉगिंग मशीन ठीक हुुुुई तो केमिकल की समस्या
सुल्तानपुर। मच्छरों से बचाव के लिए एक फॉगिंग मशीन दुरुस्त हुई तो अब केमिकल की समस्या उत्पन्न हो गई। महीनों से खराब नगर पालिका की फॉगिंग मशीन दुरुस्त हो गई लेकिन अभी तक मलेरिया विभाग की मशीन खराब है। मशीन दुरुस्त होने के बाद अब नगर पालिका अपने पैसे से केमिकल खर्च करने से बच रहा है। डेंगू के प्रकोप से बचाने के लिए नगर पालिका केमिकल का बंदोबस्त करने से बच रहा है, जबकि मलेरिया विभाग मशीन दुरुस्त कराने से। मंगलवार को यह मामला सामने आने पर डीएम ने गंभीर रुख अपनाते हुए एडीएम वित्त को जांच सौंपी है। इसके बाद शाम को स्वास्थ्य विभाग ने पांच लीटर एंटी लार्वा उपलब्ध कराया है। नगर पालिका के ईओ श्यामेंद्र मोहन ने बताया कि दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। (संवाद)