सुल्तानपुर। जिले में डेंगू से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। डेंगू से पीड़ित एक अधेड़ की शनिवार को मौत हो गई। अधेड़ को हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया था। इसके साथ ही जिले में एक माह के दौरान डेंगू से मरने वालों की संख्या 12 हो गई है। सैकड़ों लोग बीमार हैं। हालात यह है कि जिला चिकित्सालय से लेकर निजी अस्पताल तक डेंगू व वायरल फीवर के मरीजों से पटे हैं। शनिवार को 240 लोगों की जांच में 33 और लोग डेंगू पॉजिटिव मिले हैं।
कादीपुर कस्बे के अनिरुद्ध नगर निवासी जगदीश पांडेय (58) चार दिन से बुखार से पीड़ित थे। जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर उन्हें सीएचसी कादीपुर से शुक्रवार को जिला अस्पताल रेफर किया गया था। जिला अस्पताल में उनकी हालत ज्यादा खराब होने पर चिकित्सकों ने जगदीश को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने जगदीश पांडेय को लखनऊ के विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां शनिवार की सुबह उनकी मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में एक माह के दौरान डेंगू से मरने वालों की संख्या 12 हो गई है।
डेंगू व वायरल बुखार पीड़ितों की जिला अस्पताल में भीड़ लग रही है। शनिवार को भी ओपीडी में दिखाने के लिए मरीजों की कतारें लगी थीं। धम्मौर के मामपुर की रहने वाली अनवरी बानो (23), सिविल लाइन निवासी अमर (16), अमहट की रहने वाली कुसुम (40) और धनपतगंज की शुभामा देवी (65) को शनिवार को डेंगू पॉजिटिव पाए जाने पर भर्ती किया गया है। जिला अस्पताल में शनिवार को चिकित्सक ने 160 लोगों की एनएस-1 डेंगू की जांच कराई। लैब टेक्नीशियन शेषनाथ ने बताया कि जांच में 25 लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। उधर मलेरिया विभाग की टीम ने शनिवार को शहर के करौंदिया और कांशीराम कॉलोनी में शिविर लगाकर जांच की। करौंदिया में 40 लोगों की जांच में पांच लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए। वहीं, कांशीराम कॉलोनी में 40 लोगों की जांच में तीन लोग डेंगू पॉजिटिव मिले हैं।