सुल्तानपुर। जिले में डेंगू की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रही है। दो दिन में चिकित्सक समेत 20 लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। मासूम समेत चार लोग बृहस्पतिवार को पीड़ित मिले। लगातार डेंगू के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग के साथ ही पीड़ित व उनके तीमारदार परेशान हैं। स्वास्थ्य टीम ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन, करौंदिया और गंदानाला मोहल्ले में शिविर लगाकर चार सौ लोगों की जांच की। निजी अस्पतालों में भी डेंगू के मरीज भर्ती हैं।
करीब दो हफ्ते से डेंगू पीड़ितों की संख्या बढ रही है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 60 लोग डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 20 लोग दो दिन में पीड़ित पाए गए। इनमें जिला अस्पताल में तैनात डॉ. तारिक डेंगू भी शामिल हैं। उन्हें लखनऊ के मेदांता में भर्ती कराया गया है। नेत्र सहायक जयभीम, जिला अस्पताल के लैब टेक्नीशियन महेंद्र चौधरी की पत्नी किरन बाला (40) और बेटी आयुष्का भी डेंगू पॉजिटिव हैं। मां-बेटी का उपचार घर पर ही चल रहा है। जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में दो दिन के अंदर ही डेंगू पॉजिटिव होने पर मालती (50) निवासी गोसाईंगंज, राम भवन (24) निवासी लाखीपुर, सोनू (26) निवासी करौंदिया, अमरावती (70) निवासी सोनबरसा, सौरभ पांडेय (21) निवासी शाहपुर चांदा और बलराम (31) निवासी रामपुर भर्ती किए गए हैं।
जांच में बृहस्पतिवार को चार लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें अनमोल (10) निवासी सिरवारा रोड़, प्रियांशी (45) निवासी विवेकानंद नगर, आशीष (40) निवासी शास्त्रीनगर और श्रेया पाल (2) निवासी मनियारपुर महेसर शामिल हैं। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसके साथ ही पुलिस लाइन में दो और शास्त्रीनगर में चार लोग एनएस-1 की जांच में डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। जिला मलेरिया अधिकारी बंशीलाल ने बताया कि दो दिन में 20 लोग डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। एलाइजा जांच के लिए सभी का सैंपल लखनऊ भेजा गया है। एक हफ्ते में एलाइजा की जांच रिपोर्ट मिलेगी। बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन, करौंदिया और गंदानाला में शिविर लगाकर करीब चार सौ लोगों की जांच की गई है।