स्थानीय थाना क्षेत्र के बनवारीपुर गांव में एक डेंगू पीड़ित मरीज मिला है। संयुक्त जिला चिकित्सालय में डेंगू की पुष्टि होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। बीते दिनों डेंगू व इंसेफ्लाइटिस को लेकर शासन ने अमेठी में हाई अलर्ट जारी किया था।
हाई अलर्ट जारी होने के बाद सीएमओ डॉ. आनंद ओझा ने संयुक्त जिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. बीके सिंह को आठ बेड का एक वार्ड अतिरिक्त रूप से सुरक्षित करने के साथ ही प्लेटलेट्स की जांच की व्यवस्था करवाने का आदेश दिया था। अस्पताल में वार्ड व जांच की सुविधा तो हुई पर इलाज की सुविधा नहीं बढ़ाई गई।
शुक्रवार को थाना क्षेत्र के बनवारीपुर गांव निवासी राकेश चौरसिया को कई दिनों से बुखार की शिकायत होने पर परिवारीजन लेकर संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचे। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने राकेश चौरसिया में डेंगू के लक्षण को देखते हुए उसकी जांच करवाई तो रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। रिपोर्ट देखने के बाद डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।