सुल्तानपुर। जिले में लगातार डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं। बृहस्पतिवार को एलाइजा जांच में सात मरीजों में संक्रमण मिला था, जबकि शुक्रवार को डेंगू के आठ नए मरीज मिले हैं। दो दिनों में 15 डेंगू के मामले सामने आ चुके हैं। जिले में अभी तक एलाइजा जांच में 26 लोगों में डेंगू के संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी मरीजाें का विवरण पोर्टल पर दर्ज है।
रैपिड जांच में 10 मरीजों में डेंगू के शुरूआती लक्षण मिले हैं। इनके रक्त के नमूने एलाइजा जांच के लिए करौंदिया स्थित बीएसएल (बॉयो सेफ्टी लेबल-टू) लैब भेजे गए हैं। इनमें से सात का इलाज मेडिकल कॉलेज के डेंगू वार्ड में चल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे ज्यादा डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को आठ नए मरीजों का विवरण पोर्टल पर अपलोड हुआ है। इसमें एक मोतिगरपुर, एक कुड़वार, एक अखंडनगर, एक बल्दीराय और चार अन्य हैं। इनका पूरा विवरण अस्पताल नहीं दे रहा है।
सहायक मलेरिया अधिकारी डाॅ. हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि जिन मरीजों का पता चला है, उनके घर स्वास्थ्य टीम ने पहुंचकर दवा का छिड़काव किया है। परिवार के सदस्यों और पड़ोस के लोगों का रैपिड टेस्ट कराया गया है। उनमें कोई डेंगू के लक्षण नहीं मिले हैं। इसके अलावा जलभराव वाले क्षेत्रों को चिह्नित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी दो माह तक डेंगू संक्रमण की संभावना को देखते हुए एहतियात बरतने की आवश्यकता है।