स्थानीय विकास क्षेत्र के मंगरौरा गांव में डेंगू ने पांव पसार लिए हैं। एक हफ्ते में चार युवकों में डेंगू की पुष्टि हुई है जबकि सात युवक बीमार हैं। डेंगू के प्रकोप से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा है। रविवार को चिकित्सकों की टीम गांव पहुंची और बुखार से पीड़ित लोगों की जांच की।
जगदीशपुर ब्लॉक के मंगरौरा गांव निवासी लुकमान (40) पुत्र सुलेमान और जुनैद (26) पुत्र मोबीन चार दिनों से बुखार से पीड़ित थे। दोनों को परिवारीजन लेकर शनिवार को सीएचसी पहुंचे। दोनों की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। इसी गांव के ही आसिफ (20) पुत्र मोबीन और इसरार (38) पुत्र शमीम भी एक हफ्ते से बुखार से पीड़ित थे। दोनों के परिवारीजन उन्हें लेकर लखनऊ गए, जहां जांच में दोनों डेंगू से पीड़ित पाए गए।
लुकमान और जुनैद में डेंगू की पुष्टि होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। चिकित्सकों ने जुनैद की हालत नाजुक होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। रविवार को चिकित्सक डॉ. एके अजीजी के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम मंगरौरा गांव पहुंच गई। चिकित्सकों ने गांव निवासी फिरोज पुत्र नसीम, निजाम पुत्र कयूम और खलीक पुत्र लईक समेत सात लोगों की जांच की। हालांकि जांच में पीड़ित मलेरिया से ग्रसित पाए गए।