कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते भारतीय स्वतंत्र पंच पार्टी के पदाधिकारी।
सुल्तानपुर। कुड़वार के एक गांव में गत दिनों छात्रा की हत्या से जुड़े मामले में कुड़वार पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाते हुए भारतीय स्वतंत्र पंच पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी और कुड़वार थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता व उनके साथ मौजूद प्रभा सक्सेना ने आरोप लगाते हुए कहा कि कुड़वार के एक गांव में 30 अगस्त को एक छात्रा घर से निकली थी। 31 अगस्त को उसका शव घर से कुछ दूरी पर स्थित पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। परिजनों की मांग पर कुड़वार पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। पुलिस की जांच पूरी नहीं हो सकी है। पीड़ित परिजन हत्यारोपियों का नाम भी कुड़वार पुलिस को बता रही है। फिर भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट प्रीति जैन को ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन देने वालों में आशीष शुक्ल, संतोष कुमार भोजवाल, विनोद, जय कुमार, संदीप कुमार शामिल रहे।
कारोबारी हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
सुल्तानपुर। कारोबारी संतराम अग्रहरि हत्याकांड के प्रकरण में सोमवार को उनके पुत्र हिमांशु अग्रहरि ने पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह को ज्ञापन दिया। उन्होंने बताया कि उनके पिता की आठ अक्तूबर 2024 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड के मुख्य आरोपी अर्जुन पटेल व उनके भाई प्रदीप पटेल की अब तक गिरफ्तारी नहीं की गई है।
आरोपियों की ओर से रोजाना सोशल मीडिया पर पोस्ट भी डाली जा रही है। पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को उनकी मां देवी अग्रहरि ने गोरखपुर में कैंप कार्यालय में सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। सीएम ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया था। एसपी ने भी हिमांशु को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।