लखनऊ में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को ज्ञापन देते भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी। स्र
सुल्तानपुर। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को लखनऊ में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात कर अपनी विभिन्न समस्याओं को पूरा किए जाने का एक मांगपत्र भी सौंपा।
प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी की अगुवाई में परिवहन मंत्री को सौंपे मांगपत्र में कहा है कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसें बाईपास से जाने के बजाय बाजारों के अंदर से होकर संचालित की जाएं। कई बाजार बाईपास बनने के बाद से मुख्य मार्ग से कट गए हैं, जिससे वहां के व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में निगम की बसों को बाजारों से होकर चलाने का निर्देश दिया जाए। इसके अलावा 18 चक्का मालवाहक ट्रेलर की लोडिंग क्षमता 38 से बढ़ाकर 42 टन करने की मांग भी की गई।
मांग पत्र में बताया गया कि मध्य प्रदेश और बिहार में इसकी क्षमता 42 टन निर्धारित है, जिससे वहां के ट्रांसपोर्टरों को फायदा मिल रहा है। इसके अलावा उन्होंने तीर्थ स्थल धोपाप धाम से अयोध्या और काशी के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू कराने की भी मांग भी की। प्रतिनिधिमंडल में रमेश अग्रहरि, अखिलेश अवस्थी, राकेश अग्रहरि और जयप्रकाश मिश्र आदि शामिल रहे।