अमहट में निकले जुलूस में एसडीएम विपिन द्विवेदी को ज्ञापन देते हुसैनी शिया वेलफेयर एसोसिएशन के
सुल्तानपुर। हुसैनी शिया वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से शनिवार को जन्नतुल बकी में बने रौजों के पुनर्निर्माण की मांग पर अमहट में जुलूस निकाला गया। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर करीब 2:30 बजे हुसैनिया नौतामीर अमहट में उलेमाओं की तकरीर से हुई। जिसमें जन्नतुल बकी की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के बारे में बताया गया।
प्रदर्शन जुलूस अमहट चौराहे से होते हुए हुसैनिया बख्शी खां तक पहुंचा। लोगों ने नारे लगाकर अपनी मांगों को उठाया। वक्ताओं ने कहा कि मदीना (सऊदी अरब) स्थित जन्नतुल बकी कब्रिस्तान में मौजूद इस्लामी हस्तियों के रौजों को 1926 में ध्वस्त कर दिया गया था। जिनका पुनर्निर्माण कराया जाना चाहिए। शाम 4:30 बजे प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम के प्रतिनिधि उपजिलाधिकारी सदर विपिन द्विवेदी को हुसैनी शिया वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हैदर अब्बास खान ने सौंपा।
इस मौके पर मौलाना कल्बे हसनैन, मौलाना आसिफ नकवी, मौलाना तौसीफ हुसैन, मौलाना मोहम्मद जाफर खान, मौलाना कल्बे अब्बास, सैयद रिजवान हैदर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर संदीप कुमार राय व चौकी प्रभारी अमहट पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।