सुल्तानपुर। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। लोहरामऊ निवासी अंजू पुत्री दयाराम को सोमवार को ब्रेन टीबी की शिकायत पर गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें मेडिसिन वार्ड में भर्ती किया गया और जांच कराई गई।
जांच रिपोर्ट भी नहीं आ पाई थी कि मंगलवार दोपहर निधन हो गया। इसके बाद परिवारीजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। कहना था कि वार्ड में भर्ती करने के बाद चिकित्सक ने उनका गंभीरतापूर्वक इलाज नहीं किया। जिससे मरीज की मौत हो गई।
सीएमएस के समझाने के बाद मामला शांत हुआ। सीएमएस डॉ. आरके मिश्रा ने बताया कि मरीज का पिछले दो महीने से किसी अस्पताल में इलाज चल रहा था। गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। इलाज में लापरवाही का आरोप निराधार है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए एक जांच टीम बना दी गई है। जो मामले की जांचकर अपनी रिपोर्ट प्राचार्य को सौंपेगी।