सुल्तानपुर। करौंदी गांव में रविवार को घर से लापता एक बुजुर्ग महिला का शव कुएं में पाया गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे जयसिंहपुर कोतवाल ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के करौंदी गांव निवासी लाल बहादुर की मां धर्मा देवी (90) रविवार की सुबह बिना किसी को कुछ बताए घर से निकली थीं। देर शाम तक वे वापस घर नहीं लौटी तो परिवारीजन पुलिस को सूचना देते हुए उनकी तलाश में जुट गए।
सोमवार सुबह किसी ग्रामीण ने कुएं के पास एक लाठी और चप्पल देखा तो अनहोनी की आशंका हुई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
शव की शिनाख्त लाल बहादुर ने अपनी मां के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। घटना का कारण अभी नहीं पता चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कोतवाल भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा।