कादीपुर। कटसारी में शनिवार की दोपहर एक सब्जी विक्रेता के बुजुर्ग पिता का शव फंदे से लटकता मिला। कटसारी निवासी घेर्राऊ ( 60) घर के एक कमरे में अकेले थे। घेर्राऊ के छोटे बेटे श्रीकांत ने बताया कि शनिवार दोपहर घर वाले बाहर निकले थे।
करीब चार बजे सभी घर लौटे तो उनके पिता के कमरे का दरवाजा भीतर से बंद मिला। दरवाजा खटखटाने के बाद भी नहीं खुला। खिड़की से झांकने पर घेर्राऊ का शव कमरे की छत में लगे पंखे से गमछे के फंदे पर लटका देखा गया। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकलवाया। श्रीकांत ने बताया कि उनके पिता कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। इस वजह से वह अवसाद में थे।
श्रीकांत गांव में ही सब्जी की दुकान करते हैं। कादीपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इनसेट-
दुपट्टे के फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
मोतिगरपुर। खड़सरा निवासी अनीस की पत्नी रुखसाना (26) अपने आठ माह के बेटे अरमान के साथ शनिवार को घर पर अकेली थी। तभी उनकी सास अजमेरुल निशा बकरी चराने व पति अनीस खेत में चरी काटने गए थे। करीब तीन बजे दोनों खेत से लौटे तो कमरे की छत में लगे पंखे पर दुपट्टे से लटका रुखसाना का शव देखकर दोनों अवाक रह गए। ग्रामीणों ने उसकी मौत की जानकारी मोतिगरपुर पुलिस को दी।
मोतिगरपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष विनोद मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थितियां स्पष्ट होंगी।