दोस्तपुर/अखंडनगर (सुल्तानपुर)। दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बिरईपुर भटपुरा गांव के पास रविवार को सुबह ग्रामीणों ने एक युवक का शव माइनर में उतराता देखा। शव के पास एक बाइक भी पड़ी मिली। मृतक की शिनाख्त होने के बाद परिजन शव व बाइक को लेकर अखंडनगर चले गए। अखंडनगर थाने की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बिरईपुर भटपुरा गांव के पास से गुजरी माइनर में सुबह एक युवक का शव पानी में उतराता ग्रामीणों ने देखा। शव के बगल एक बाइक भी पड़ी मिली। मृतक की शिनाख्त अखंडनगर थाना क्षेत्र के प्राणनाथपुर बछेड़िया गांव निवासी केशरी धुरिया के पुत्र अभिषेक (22) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि अभिषेक शनिवार को घर से अपने मामा के घर बिरईपुर भटपुरा गांव गया था।
ननिहाल के लोगों से पता चला कि देर शाम वहां से वह अकेले ही अपने घर के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे मृतक के परिजन शव को लेकर अखंडनगर थाने पहुंचे और मामले की जानकारी दी। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान देखे गए हैं। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। इस संबंध में अखंडनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक नारद मुनि सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
केशरी धुरिया की दो संतानें थी। बड़ा पुत्र अभिषेक था। जबकि छोटा पुत्र अनुराग है। दोनों भाई पिता के मछली पकड़ने के कार्य में हाथ बंटाते थे। अभिषेक का विवाह नहीं हुआ था। उसकी मौत से परिजनों में चीख-पुकार मची है।