भदैंया (सुल्तानपुर)। बिना रेलिंग की छत पर सो रहे किसान की छत से गिरने से मौत हो गई। किसान घर में अकेला ही था, इसलिए घटना कब हुई? किसी को पता ही नहीं चला। सुबह पड़ोसियों ने जब उन्हें जमीन पर पड़ा पाया, तब अस्पताल ले गए, जहां मृत घोषित कर दिया गया।
कोतवाली देहात क्षेत्र के पूरे किरता गांव निवासी विश्वनाथ उपाध्याय (55) अपने घर पर आजकल अकेले रहते थे। उनका इकलौता बेटा दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। करीब तीन महीने पहले वह मां को अपने साथ लेकर चला गया था। शनिवार की रात बिजली न होने के चलते विश्वनाथ बिस्तर लेकर छत पर सोने गए थे। रविवार को सुबह पड़ोसियों ने उन्हें जख्मी हालत में घर के किनारे पड़ा पाया तो उन्हें लेकर अस्पताल गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पड़ोसियों का मानना है कि छत पर रेलिंग नहीं थी, रात में किसी वक्त वह उठे होंगे और छत से नीचे गिर गए। विश्वनाथ के परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटियां और एक बेटा है। बेटियों की शादी हो चुकी है और बेटा दिल्ली में नौकरी करता है।
इकलौते बेटे की शादी नहीं देख सके विश्वनाथ
विश्वनाथ के इकलौते बेटे अरुण की शादी 28 नवंबर को होनी तय हो चुकी थी। शादी की तैयारियां भी चल रही थीं। इस बीच यह घटना सामने आई तो पड़ोसियों ने दिल्ली में उनकी पत्नी व बेटे का सूचना दी। उधर, कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। सूचना मिलने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।