जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र का चांदपुर गेनवा महमूदपुर सलाहपुर ऐसा गांव है जहां के लोग रोज खतरे का सामना करते हैं। गांव के निकट से कूरेेभार माइनर निकली है। मुख्य माइनर से दो सब माइनरों को जोड़ा गया है। सिंचाई विभाग की ओर से माइनरों के निर्माण का कार्य तो पूरा कर लिया गया लेकिन ग्रामीणों के आवागमन के लिए एक भी पुलिया का निर्माण नहीं कराया। शुुरुआती दौर में ग्रामीणों के अनुरोध पर विभागीय अधिकारियों ने मौखिक आश्चासन दिया था। फिर भी अभी तक पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया है।
ग्रामीणों ने आवागमन के लिए लकड़ी की दो बल्लियां रख दी हैं। इन्हीं बल्लियों के सहारे अब ग्रामीणों का आवागमन हो रहा है। गांव के बच्चे रोजाना चांदपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने इसी बल्ली को पार कर जाते हैं। चांदपुर गेनवा महमूदपुर सलाहपुर आने-जाने के लिए इसके अलावा दूसरा मार्ग बिसुनपुर गांव से होकर जाता है। स्थानीय सेमरी बाजार कस्बे की दूरी बल्ली के शॉर्ट कट रास्ते से चार किलोमीटर कम हो जाती है। गांव के अविनाश, महेश, प्रदीप, महावीर, प्रेम नरायन ने बताया कि मजबूरी में इस रास्ते का सहारा लेना पड़ता है।
बिसुनपुर से दो किलोमीटर घूम कर जाने में काफी असुविधा होती है। इसकी शिकायत ग्रामवासियों ने तहसील दिवस तथा शासन स्तर पर की लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों की उदासीनता से ग्रामीणों में रोष है।