सुल्तानपुर। रविवार दोपहर बाद से हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। जिले में पिछले चार दिन से रोज हो रही बारिश से धान के रोपाई की तैयारी तेज आई है। रविवार को 7.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। उधर, शहर समेत ग्रामीण अंचल की सड़कों पर बारिश का पानी भरने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ी।
किसान गंगाराम, शिवशंकर यादव, हरीराम, मुस्तकीम आदि का कहना है कि बारिश ने धान की नर्सरी में संजीवनी का काम किया है। खेतों में नमी होने से जिन किसानों ने निजी नलकूप से सिंचाई कर नर्सरी तैयार कर ली है, वे अब खेतों में पानी भरा होने से धान की रोपाई कराना शुरू कर देंगे।
वहीं, रविवार को शहर के सब्जी मंडी, गभड़िया इलाका, दरियापुर, जेल मोड़ के पास सड़क के किनारे बारिश का पानी भरने से लोगों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ी। करौंदीकला कस्बे में शाम को हुई बारिश से नीम का पेड़ गिर गया। जिससे ठप हो गया, जिससे बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक लोगों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ी।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम पर्यवेक्षक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इसमें 2.8 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई।
गलियों में फैला कीचड़
बंधुआकला (सुल्तानपुर)। रविवार को तेज बारिश से शाहपुर, सरकंडेडीह, हसनपुर, रवनियां, सहाबागंज, मनियारपुर, गढ़ऊपुर आदि गांवों के खेतों में अब पानी दिखाई पड़ रहा है। गांव में सड़कों के किनारे बनी नालियां भी चोक हो गई हैं। हसनपुर में पश्चिम दरवाजा मोहल्ले में जलनिकासी नहीं होने से लोग परेशान हुए।
बिजली गिरने से भैंस की मौत
करौंदीकला (सुल्तानपुर)। क्षेत्र में रविवार शाम गरज-चमक के साथ बारिश हुई। कटघर पूरे चौहान गांव में बिजली गिरने से बिंदू माली की भैंस झुलस कर मर गई। भैंस की मौत से करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने क्षेत्रीय लेखपाल को इसकी सूचना दी है।