धूप से बचाव के लिए दुपट्टा ओढ़कर जाती युवती। संवाद
सुल्तानपुर। जून के अंतिम सप्ताह में जिले में गर्मी ने एक बार फिर अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और बढ़ती उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
तेज धूप निकलने से सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। दोपहर में बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी। वहीं रात में भी तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं होने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञानी भूपेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रहेगा। आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन उनसे बारिश की संभावना नहीं है। नमी बढ़ने से उमस और अधिक महसूस होगी।
वहीं, चिकित्सकों का कहना है कि तेज धूप में लंबे समय तक रहने से डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है। लोगों से पर्याप्त पानी पीने, धूप में निकलते समय सिर ढकने और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।