भदैयां। असवा शिवपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम के पास मंगलवार को घरेलू गैस सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बारिश के बीच उपभोक्ताओं को अपनी बारी के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा, हालांकि एजेंसी संचालक की ओर से शांतिपूर्ण ढंग से सिलिंडर वितरित किया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे उपभोक्ताओं को एजेंसी परिसर के बाहर तक कतार में खड़ा होना पड़ा। इसमें महिलाओं और बुजुर्गों की भी अच्छी-खासी संख्या रही। जयश्री, भोहलाल, जयप्रकाश, महादेव यादव, अश्वनी सिंह, गिरिजाशंकर, मालती, सीता और सरिता पांडेय ने बताया कि भीड़ अधिक होने से उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। एजेंसी के गोदाम पर सुबह से ही सिलिंडर वितरण का कार्य लगातार चलता रहा। गैस एजेंसी के प्रबंधक घनश्याम ने बताया कि मंगलवार को सामान्य दिनों की तुलना में उपभोक्ताओं की संख्या अधिक रही। 100 से अधिक लोगों को गोदाम से और करीब 40 उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी दी गई। (संवाद)