धनपतगंज (सुल्तानपुर)। स्थानीय कस्बा क्षेत्र की एक दुकान में शनिवार रात खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में रिसाव होने से विस्फोट हो गया। इससे मकान क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में गृहस्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको मेडिकल कॉलेज से ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
धनपतगंज कस्बे के मायंग मोड़ पर अभय सिंह की इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। अभय वहीं रहता भी है। शनिवार देर रात खाना बनाते समय अचानक सिलिंडर में आग लग गई। इससे उसमें विस्फोट हो गया। सिलिंडर फटते ही आग ने दुकान को भी चपेट में ले लिया और दुकान में रखी दर्जन भर से अधिक बैटरी दगने लगी। इससे दुकान का शटर टूटकर दूर जा गिरा।
आग बुझाने में गृहस्वामी अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। कड़ी मशक्कत के बाद कस्बे वासियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। गंभीर रूप से घायल अजय को कस्बे वासियों ने एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां से चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। थाना प्रभारी श्रीराम पांडेय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।