लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सिंदुरवा मोड़ के पास शनिवार की रात चुनाव ड्यूटी पर जा रहे बाइक सवार पशु चिकित्साधिकारी को ट्रैक्टर ने रौंद दिया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल चिकित्सक को स्थानीय लोगों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हमीरपुर जिले के राठ निवासी डॉ. देवेंद्र कुमार वर्मा (38) पुत्र रमाशंकर वर्मा जगदीशपुर के पशु चिकित्साधिकारी थे। डॉ. देवेंद्र कुमार वर्मा शुकुल बाजार के आरओ बनाए गए थे। शनिवार की रात करीब 10 बजे वे बाइक से शुकुल बाजार जाने के लिए जगदीशपुर से निकले थे।
वे कमरौली थाना क्षेत्र के सिंदुरवा मोड़ के पास पहुंचे थे तभी अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें रौंद दिया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल देवेंद्र को स्थानीय लोगों ने सीएचसी जगदीशपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। दुर्घटना के वक्त चिकित्सक ने हेलमेट नहीं पहना था।