अमहट। ट्रॉमा सेंटर परिसर स्थित सीटी स्कैन केंद्र की मशीन शुक्रवार को शॉर्ट सर्किट से खराब होने के बाद शनिवार को भी जांच सेवा ठप रही। खराब मौसम और बारिश के बावजूद जानकारी के अभाव में कई मरीज केंद्र पर पहुंच गए, लेकिन मशीन बंद होने से मायूस होकर बैरंग लौटना पड़ा।
कल्याणपुर से पत्नी फूलमती का सीटी स्कैन कराने पहुंचे कृष्णकुमार मिश्र ने बताया कि उन्हें मशीन खराब होने की जानकारी नहीं थी। सुबह से बारिश में भीगते हुए अस्पताल आए, लेकिन यहां आकर पता चला कि मशीन दो दिन से बंद है। बिना जांच के वापस जाना पड़ रहा है। दूबेपुर से आई प्रिया ने बताया कि वह ऑटो से किराया खर्च करके जांच कराने आई थीं, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। बनकेपुर से अपनी माता कुसुम की जांच कराने आए संजय ने बताया कि डॉक्टर ने तत्काल सीटी स्कैन कराने को कहा था, लेकिन मशीन खराब होने से जांच नहीं हो सकी। प्राइवेट में जांच करानी पड़ेगी। इसी तरह भिटौरा, कुड़वार और अमेठी से आए कई मरीजों ने बताया कि मशीन खराब होने से अब उन्हें निजी केंद्रों पर तीन से पांच हजार रुपये जांच में खर्च करने पड़ेंगे। केंद्र प्रभारी आमोद कुमार ने बताया कि मशीन खराब होने की सूचना इंजीनियर को दे दी गई है। शनिवार को केंद्र पर पहुंचने वाले मरीजों के फॉर्म जमा किए गए। फोन पर जानकारी लेने वालों को मशीन खराब होने की सूचना दी जा रही है। जिन मरीजों के फॉर्म जमा हैं, उनकी जांच वरीयता क्रम में की जाएगी।