सुल्तानपुर। अमिलिया कला में खनन रोकने पहुंची राजस्व टीम पर हमले और आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग के मामले में जिला जज की अदालत ने तीन आरोपियों की क्रिमिनल हिस्ट्री और केस डायरी तलब की है। जिला जज सुनील कुमार की अदालत ने आरोपी प्रवीण सिंह (राहुल) और नौशाद अली की जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए 17 नवंबर की तारीख तय की है। वहीं, आरोपी प्रशांत सिंह की जमानत अर्जी पर 16 नवंबर को सुनवाई होगी।
मामला कोतवाली नगर के अमिलिया कला का है। दो नवंबर को खनन रोकने पहुंचे नायब तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह यादव और राजस्वकर्मियों पर हमला किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने दबिश दी थी। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक सुरेश नारायण मिश्र ने चार नवंबर को आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की तलाश में टीम खैंचिला पहुंची थी। तभी अमिलिया कला निवासी प्रवीण सिंह और नौशाद अली ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने दोनों को असलहे और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। राजस्व टीम पर हमले के मामले में गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के नकहा महमूदपुर निवासी प्रशांत सिंह और उसके एक साथी को अखंडनगर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इस प्रकरण में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। प्रवीण सिंह, नौशाद अली और प्रशांत सिंह की ओर से जिला जज की अदालत में जमानत अर्जी दाखिल की गई है। अदालत ने सुनवाई से पहले तीनों आरोपियों की आपराधिक इतिहास और केस डायरी प्रस्तुत करने का आदेश दिया है।