लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हसनपुर गुमटी तिराहे के पास शनिवार दोपहर बाद बाइक सवार को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। दुर्घटना में छात्र समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
कुड़वार थाना क्षेत्र के बहेरा (गणेशगंज) निवासी शिव प्रसाद पाल का बेटा अनिल पाल (13) और सुखलाल पाल का बेटा शरद पाल (15) (चचेरे भाई) क्षेत्र के अलीगढ़ में स्थित सूर्या एकेडमी स्कूल में पढ़ते हैं। दोनों शनिवार की सुबह स्कूल गए थे। दोपहर बाद करीब दो बजे छुट्टी होने के बाद अनिल पाल और शरद पाल पैदल ही घर लौट रहे थे।
तभी रास्ते में बाइक सवार दूधिया पिंटू यादव (25) पुत्र उदयभान यादव निवासी कल्लू वेद का पुरवा थाना कुड़वार उधर से गुजर रहा था। दोनों भाइयों ने पिंटू से घर छोड़ने के लिए लिफ्ट मांग ली। पिंटू दोनों छात्रों को जानता था और उन्हें बाइक पर लिफ्ट दे दिया।
बाइक लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हसनपुर गुमटी तिराहे के पास पहुंची थी कि तभी तेज रफ्तार ट्रक, बाइक को रौंदते हुए पलट गया। दुर्घटना में अनिल पाल और दूधिया पिंटू यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शरद पाल गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए घायल छात्र शरद को जिला अस्पताल पहुंचाया।