बाहरपुर बधवा गांव में सोमवार को तालाब में स्नान कर रहे छोटे भाई को डूबते देखकर बड़े भाई ने पानी में छलांग लगा दी। किसी तरह छोटे भाई को तालाब से बाहर निकालने में बड़ा भाई सफल हो गया लेकिन खुद पानी में फंस गया। जबतक उसे बाहर निकाला गया उसकी मौत हो गई। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बाहरपुर बधवा गांव के पूर्व प्रधान अरुण प्रजापति का बेटा विनीत (12) और नवनीत (8) सोमवार को दोपहर बाद करीब तीन बजे गांव के बाहर तालाब में स्नान कर रहे थे। विनीत नहाकर पानी से बाहर आ गया था, जबकि नवनीत नहा रहा था। अचानक नवनीत पानी में डूबने लगा।
छोटे भाई को पानी में डूबता हुआ देखकर विनीत ने आवाज लगाते हुए तालाब में छलांग लगा दी। विनीत ने किसी तरह से नवनीत को तालाब के किनारे पहुंचा दिया लेकिन खुद फिसलकर गहरे पानी में चला गया। नवनीत ने रोते हुए तालाब से थोड़ी दूर पर मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी।