गोमती नदी में डूबे तीन छात्रों में दो छात्रों का शुक्रवार की सुबह मछुवारों ने शव बाहर निकाल लिया जबकि तीसरे छात्र की तलाश जारी है। क्षेत्र के कई मछुवारों ने छात्र की तलाश में पूरी ताकत झोंक दी है। परिवारीजनों ने नदी से निकाले गए शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।
कोतवाली नगर क्षेत्र के बढ़ैयावीर मोहल्ला निवासी वेद प्रकाश पांडेय बीएसएनएल में कर्मचारी हैं। उनका बेटा अभिषेक पांडेय (15) शहर के शास्त्रीनगर मोहल्ले में स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में कक्षा नौ का छात्र था। इसी विद्यालय में वन विभाग में कार्यरत अजय पांडेय का बेटा अंकित पांडेय (15) और ग्रामीण बैंक के मैनेजर सुरेश सिंह का बेटा सूर्यांश सिंह भी कक्षा नौ में अभिषेक के साथ ही पढ़ता था।
तीनों छात्र गुरुवार की सुबह बाइक संख्या यूपी 44 टी 7277 से स्कूल पढ़ने गए थे लेकिन स्कूल न जाकर कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के टांटिया नगर चौराहे के समीप से होकर गुजरी गोमती नदी के पास स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान तीनों छात्र पानी में डूब गए थे। सूर्यांश की तलाश में उसके परिवारीजन गुरुवार की शाम से लेकर शुक्रवार की देर शाम नदी के किनारे ही जमा हैं।