जिले में चोटी कटने की घटना रुकने का नाम नहीं ले रही है। 24 घंटे में किशोरी समेत तीन महिलाओं की चोटी संदिग्ध परिस्थितियों में कट गई। तीनों को स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया, जहां दो सगी बहनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
चांदा कोतवाली क्षेत्र के टाउन एरिया कोइरीपुर निवासी अब्दुल कादिर की पुत्री यासमीन (16) बुधवार की रात घर में सो रही थी। बृहस्पतिवार की सुबह पांच बजे जब यासमीन सोकर उठी तो देखा कि उसके बाल कटे हुए थे। यासमीन को परिवारीजन लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यासमीन की मानें तो उसने सुबह किसी महिला को बाहर जाते देखा था। दूसरी घटना लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के सकवा गांव की है।
गांव निवासी नंदलाल की पुत्री रूबी (18 ) बुधवार की रात अपनी छोटी बहन अंकिता (16) के साथ चारपाई पर लेटी थी। रात करीब 10 बजे उसके सिर में दर्द हुआ तो वह उठकर बैठ गई। रूबी को अपनी चोटी कटी मिली। बड़ी बहन के जगते ही उसकी छोटी बहन भी उठ गई। चोटी कटी हुई देखकर अंकिता सदमे में आ गई। दोनों बहनों को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तीसरी घटना कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के पखरौली गांव की है। गांव निवासी तुलसीराम भार्गव की पत्नी कौशल्या (35) बुधवार की रात घर के सामने छप्पर के मड़हे में लेटी थी। रात साढे नौ बजे वह जोर से चिल्लाई और बेहोश हो गई। परिजन जब उसके पास पहुंचे तो उसकी चोटी कटकर गिरी थी। फिर घर पर ही निजी चिकित्सक व झाडफूंक वालों को बुलाकर उसका इलाज कराया गया। पूरा परिवार व गांव वाले अभी भी दहशत में हैं । इस बाबत एएसपी सूर्यकांत त्रिपाठी ने बताया कि चोटी कटने की घटना शरारतीतत्वों की देन है। लोग अफवाहों से बचें।