आईटीआई की परीक्षा देने शनिवार सुबह शहर स्थित शिव महेश बालिका इंटर कॉलेज पहुंचे एक छात्र की बाइक तोड़ने से भड़के परीक्षार्थियों ने घंटों हंगामा करते हुए दुकानों पर पथराव किया। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। छात्रों के हंगामे से काफी देर तक अफरातफरी रही।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की परीक्षा देने शनिवार को बड़ी संख्या में छात्र गौरीगंज स्थित शिव महेश बालिका इंटर कॉलेज पहुंचे थे। कॉलेज परिसर में वाहन प्रवेश की अनुमति न होने के कारण छात्रों ने बाइकें स्टेशन रोड के किनारे खड़ी करनी शुरू कर दी। छात्रों को बाइक खड़ी करते देख स्टेशन रोड निवासी कुछ लोगों ने उन्हें मना किया।
उनका कहना था कि छात्र बाइकें कॉलेज के सामने ले जाएं। बावजूद इसके छात्रों ने जबरन बाइकें वहीं खड़ी कर दीं। आरोप है कि छात्रों के जाने के बाद कुछ लोगों ने एक-दो बाइकें क्षतिग्रस्त कर दीं। परीक्षा देकर बाहर निकले छात्र अपने साथी की बाइक क्षतिग्रस्त देख आक्रोशित हो उठे। छात्रों ने हंगामा करने के साथ ही घर व कई अन्य दुकानों पर पथराव शुरू कर दिया। दुकानदारों ने इसकी सूचना प्रभारी निरीक्षक भरतराज सिंह को दी तो वे तत्काल मौके पर पहुंच गए।
प्रभारी निरीक्षक ने छात्रों को समझाकर मामला शांत कराया। छात्रों के हंगामे और पथराव की वजह से स्टेशन रोड स्थित दुकानदारों के साथ ही शहर में अफरातफरी का माहौल रहा।