शहर से सटे अमहट मंडी के पास शुक्रवार की दोपहर केंद्रीय विद्यालय के एक छात्र पर बाइक सवार पांच युवकों ने ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया। चीख-पुकार के बाद दौड़े स्थानीय लोगों को देखकर हमलावर फरार हो गए। खून से लथपथ छात्र को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिवारीजन छात्र को लेकर लखनऊ ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। छात्र की मौत से अलीगढ़ गांव में तनाव है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस तैनात की गई है। पुलिस ने तीन युवकों को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के अलीगढ़ अमहट निवासी मोहम्मद यहिया का बेटा कैफ (16) केंद्रीय विद्यालय में कक्षा नौ का छात्र था। शुक्रवार की सुबह कैफ स्कूल गया था। दोपहर बाद जब छुट्टी हुई तो कैफ पैदल ही घर की ओर जा रहा था। वह विद्यालय से चंद कदम की दूरी पर पहुंचा था तभी दो बाइकों पर सवार पांच युवक उसके पास पहुंचे और कैफ पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। कैफ के चीखने पर आसपास के लोग उसे बचाने दौड़े तो हमलावर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में कैफ ने बताया कि दो दिन पहले उसके एक दोस्त को विवेकनगर के कुछ युवक मारने पहुंचे थे। उसने अपने दोस्त का साथ देते हुए उसे बचा लिया था। इसी रंजिश में उस पर हमला हुआ। परिवारीजन कैफ को लेकर लखनऊ जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिवारीजन जब शव लेकर घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। गांव में तनाव व्याप्त है। अलीगढ़ गांव के लोग हमले में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना पाते ही नगर कोतवाल पुलिस टीम के साथ गांव पहुंच गए। इस बाबत नगर कोतवाल एससी मिश्रा ने बताया कि हमले में घायल छात्र की मौत हो गई है।