कॉलेज में घुसकर चार युवकों ने एक छात्र को चाकू मार दिया। गंभीर हालत में छात्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिनदहाड़े छात्र पर जानलेवा हमले से नाराज ग्रामीणों ने कॉलेज में जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया। घटना के पीछे दो दिन पूर्व खेलकूद के दौरान हुई मारपीट का मामला प्रकाश में आया है।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के खैरहा गांव निवासी अवनीश निषाद (17) पुत्र बजरंगी निषाद क्षेत्र के रानी महेंद्र कुमारी सरदार बल्लभ भाई इंटर कॉलेज दियरा में कक्षा 11 का छात्र है। इसी कॉलेज के इंटरमीडिएट के छात्र सूरज गिरि पुत्र अच्छेलाल निवासी जमखुरी कोतवाली लंभुआ से मारपीट हुई थी। इसे लेकर दोनों छात्रों के बीच तनाव चल रहा था। सोमवार को छात्र अवनीश कॉलेज गया था।
दोपहर में सूरज गिरि समेत चार युवक कॉलेज में पहुंच गए। सूरज गिरि आदि ने अवनीश की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान सूरज ने अवनीश पर चाकू से प्रहार कर दिया। इस घटना से कॉलेज में अफरातफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल अवनीश को कॉलेज प्रशासन ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा।
उधर, छात्र पर हुए जानलेवा हमले की सूचना पाते ही खैरहा गांव से काफी संख्या में ग्रामीण कॉलेज पहुंच गए और जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने घायल छात्र की तहरीर पर सूरज गिरि, शिवम मिश्रा, बलराम तिवारी और अभिषेक शुक्ला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने घटना में शामिल शिवम मिश्रा, बलराम तिवारी और अभिषेक शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी सूरज गिरि फरार है।
इनसेट
दो दिन पूर्व हुई थी मारपीट
मोतिगरपुर। कॉलेज के प्रभारी प्रिंसिपल श्रीराम सिंह ने बताया कि छात्र अवनीश की दो दिन पूर्व कॉलेज में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में सूरज गिरि से मारपीट हुई थी। घायल छात्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।