संग्रह अमीन के हत्या आरोपी सपा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सहित तीनों आरोपियों को पुलिस ने बुधवार सुबह गौरीगंज रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से सीजेएम ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मौत की सूचना मिलते ही मृतक के घर कोहराम मच गया। राज्य कर्मचारियों व राजनीतिक दलों की नाराजगी को देखते हुए शांति व्यवस्था के मद्देनजर पूरे शहर में भारी संख्या में पुलिस तैनात कर दी गई।
जमीन विवाद को लेकर बीते 21 जून को सपा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष राकेश यादव ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पूरे चैतराम पांडेय मजरे कोरारी लच्छनशाह निवासी संग्रह अमीन दान बहादुर यादव पर तहसील परिसर में हमला कर दिया था। गंभीर हालत में उन्हें पहले ट्रॉमा सेंटर लखनऊ फिर पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां मंगलवार दोपहर उनकी मौत हो गई थी। मौत की सूचना मिलते ही कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया था।
सर्विलांस की मदद से पुलिस ने बुधवार भोर गौरीगंज रेलवे स्टेशन से सपा नेता राकेश यादव, जगदीश यादव व उमेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को कोतवाली लाने के बाद पुलिस ने 308 की धारा को 302 में तरमीम कर तीनों का चालान न्यायालय भेज दिया, जहां सीजेएम विजय कुमार आजाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।