लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर असरफगढ़ गांव के पास शनिवार शाम एक बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर हो गई। दुर्घटना में देवर-भाभी की मौत हो गई, जबकि ननद गंभीर रूप से घायल हो गई। गंभीर हालत में उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के वक्त ताहिर ने हेलमेट नहीं पहना था।
जामों थाना क्षेत्र के राजामऊ (भवानीगढ) निवासी मोहर्रम अली की पत्नी अफसरजहां (30) देवर ताहिर (25) व ननद जैबुल (21) के साथ शनिवार को मिट्टी में शामिल होने के लिए बाइक से जारमऊ गांव गई थी। बाद में तीनों बाइक से अफसरजहां के मायके असरफगढ़ थाना कमरौली जा रहे थे।
असरफगढ़ गांव के पास सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल तीनों को इंडो-गल्फ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अफसरजहां और ताहिर को लखनऊ रेफर कर दिया। रास्ते में अफसरजहां और ताहिर की मौत हो गई, जबकि जैबुल को परिवारीजनों ने एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है।