कूरेभार थाने के मठिया गांव में शुक्रवार को आग और पछुआ हवा की जुगलबंदी ने जमकर तबाही मचाई। अग्निशमन कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से करीब छह घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक 63 मकान जलकर राख हो गए। आग से करीब तीन करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आने से सात मवेशियों की मौत हुई है।
कूरेभार थाना क्षेत्र के मठिया मजरे बहादुर निवासी मग्घू निषाद के मकान में शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे चूल्हे पर खाना बनाया जा रहा था। अचानक चूल्हे से उठी चिंगारी से छप्पर में आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
शुक्रवार को जिले में बह रही तेज पछुआ हवा ने आग में घी का काम किया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझाना शुरू किया लेकिन तेज हवा की वजह से कई बार उन्हें पीछे हटना पड़ा।