शहर से सटे कांशीराम कॉलोनी के पास ट्रांसफार्मर पर चढ़कर विद्युत फॉल्ट ठीक कर रहे संविदा कर्मी को करंट लग गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार की शाम हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने विद्युत कर्मी व अन्य अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के दिखौली (दूबेपुर) निवासी ह्रदयराम कोरी (30) पावर कॉर्पोरेशन में संविदा पर लाइनमैन था। मंगलवार की रात करीब 10 बजे शहर से सटे कांशीराम कॉलोनी में बिजली नहीं आ रही थी। सूचना के बाद हृदयराम को फॉल्ट ठीक करने के लिए भेजा गया था। हृदयराम कांशीराम कॉलोनी के पास लगे ट्रांसफार्मर पर चढ़कर फॉल्ट ठीक कर रहा था। अचानक करंट लगने से हृदयराम जमीन पर गिर पड़ा।
गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। देर शाम ग्रामीण शव लेकर ट्रांसपोर्ट नगर के पास पहुंच गए और शव लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों की मांग थी कि प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता मुहैया कराएं। हाईवे जाम होने की सूचना पाते ही नगर कोतवाल वीपी सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंच गए।
इस दौरान पावर कॉर्पोरेशन के अधिशाषी अभियंता राजीव वर्मा भी पहुंच गए। राजीव वर्मा ने पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये का चेक, 30 हजार रुपये नकद दिया। अधिशाषी अभियंता ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि श्रम विभाग की ओर से पांच लाख रुपये की अतिरिक्त मदद की जाएगी। करीब घंटे भर जाम लगाने के बाद लोग शांत हो गए। इस बाबत इंस्पेक्टर वीपी सिंह ने बताया कि मृतक के भाई छोटेलाल की तहरीर पर विद्युत कर्मी व पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया है।