सुल्तानपुर। डीएम आवास के पास ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात चार होमगार्डों की बृहस्पत:िवार की सुबह टेंपो चालकों ने पिटाई कर दी। होमगार्डों को बचाने पहुंचे दो सिपाहियों के साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की की। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। पुलिस ने होमगार्ड की तहरीर पर एक नामजद समेत चार के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के डीएम आवास के पास बृहस्पतिवार की सुबह यातायात व्यवस्था में होमगार्ड केशव राम यादव, बृजेश सिंह, पप्पू सिंह व मुन्नेलाल की ड्यूटी लगी थी। करीब साढ़े नौ बजे टेंपो चालक अफसर निवासी सैफुल्लागंज थाना गोसाईगंज डीएम आवास के सामने ही खड़ी करके सवारी भर रहा था। होमगार्ड मुन्नेलाल ने अफसर को टेंपो आगे बढ़ाने को कहा। इसे लेकर होमगार्ड मुन्नेलाल और अफसर में कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते चार-पांच अन्य टेंपो चालक भी वहां पर पहुंच गए। टेंपो चालकों ने मुन्नेलाल को पीटना शुरू कर दिया। मुन्नेलाल की चीख-पुकार पर होमगार्ड केशव राम यादव, बृजेश सिंह व पप्पू सिंह भी पहुंच गए। चालक अफसर ने टेंपो से सरिया निकाल लिया और होमगार्डो पर हमला शुरू कर दिया। इस बीच होमगार्डों को बचाने पहुंचे सिपाही अरविंद यादव व विवेक सिंह से भी टेंपो चालकों ने धक्का-मुक्की की।
होमगार्ड जान बचाकर रोडवेज के समीप ट्रैफिक बूथ पर पहुंचे तो आरोपियों ने होमगार्ड के जवानों को ट्रैफिक बूथ पर भी पीटा। इस बीच वायरलेस सेट पर मैसेज पास होने के बाद कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस को देखकर अन्य चालक फरार हो गए, जबकि अफसर को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने होमगार्ड केशव राम यादव की तहरीर पर अफसर समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।