बैंक में रुपये जमा करने जा रहे पेट्रोल पंप के कैशियर व सेल्समैन पर बाइक सवार तीन युवकों ने फायरिंग कर छह लाख रुपये लूटने का प्रयास किया। बदमाशों की गोली से दोनों बाल-बाल बच गए।
कुड़वार थाना क्षेत्र के उस्मानपुर में सुनील किसान ऑटोमोबाइल पेट्रोल पंप है। पेट्रोल पंप पर सुनील सिंह निवासी कारेबन कोतवाली जयसिंहपुर सेल्समैन है, जबकि राजेंद्र सिंह निवासी माधवपुर थाना गोसाईगंज कैशियर के पद पर कार्यरत हैं। दोनों सोमवार की सुबह करीब सवा 10 बजे छह लाख रुपये जमा करने के लिए बाइक से केनरा बैंक की कुड़वार शाखा में जा रहे थे।
रास्ते में टेलीफोन एक्सचेंज के पास एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने दोनों को ओवरटेक करके रोक लिया। दोनों कर्मचारी जब तक कुछ समझते एक युवक ने राजेंद्र और सुनील पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली से दोनों बाल -बाल बच गए। राजेंद्र सिंह व सुनील सिंह हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों से भिड़ गए। इस दौरान सुनील रुपयों से भरा बैग लेकर समीप में स्थित एक गैराज की तरफ भाग निकला।
शोर सुनकर आस-पास के लोग भी लाठी-डंडा लेकर दौड़े तो तीनों युवक बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना पाते ही एसओ कुड़वार देवेश कुमार ने दोनों कर्मचारियों से पूछताछ की और पुलिस की सुरक्षा में बैंक में रुपये जमा करवाया। इस बाबत एसओ ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ लूट की कोशिश और जानलेवा हमला करने की धारा में केस दर्ज किया गया है।