मुसाफिरखाना क्षेत्र के मठा भुसुंडा गांव स्थित जंगल में रविवार की दोपहर अज्ञात कारणों से लगी आग 15 हेक्टेयर में फैल गई। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया। रविवार की दोपहर करीब ढाई बजे मठा भुसुंडा गांव के जंगल से धुआं दिखाई पड़ा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। जब तक फायर कर्मी जंगल पहुंचे जंगल के अधिकतर हिस्से को आग ने अपनी चपेट में ले लिया था।
फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। जंगल में आग की सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। वन दारोगा नरेंद्र सिंह ने बताया कि आग से जंगल का लगभग 15 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है। आग से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। कोतवाली देहात के बेलासदा गाव में रविवार की दोपहर अरविंद पांडेय के खेत से गुजरी लाइन के तार आपस में टकरा गए।
इससे निकली चिंगारी से खेतों में आग लग गई। आग से अरविंद, राममिलन पांडेय, गुरूदीन पांडेय, दीपू पांडेय की चार बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग से करीब 50 हजार रुपये की फसल के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।