अमेठी व सुल्तानपुर जिले के विभिन्न स्थानों पर मंगलवार को आग लगने से भारी नुकसान हुआ। अमेठी के कमरौली थाना क्षेत्र के पूरे बिच्छू मजरे कोयलारा गांव में दोपहर अज्ञात कारणों से लगी आग की चपेट में आने से करीब 25 मकान जलकर राख हो गए।
आग बुझाने में एक परिवार के पांच सदस्य समेत छह लोग झुलस गए। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। जामों थाना क्षेत्र के पूरे दीवान गोरियाबाद गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग की चपेट में आने से तीन मकान व 60 बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। यहां फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मजदद से आग बुझाई।
ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मी बढ़ने के साथ आग का कहर बढ़ता जा रहा है। अमेठी के कमरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरे बिच्छू मजरे कोयलारा गांव में मंगलवार की दोपहर आग ने भीषण तबाही मचाई। गांव निवासी राम फेर के कच्चे मकान में दोपहर करीब 12 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग ने राम फेर के पड़ोस के शौकत अली, महमूद, रमजान, महफूज, तौफीक, राज मोहम्मद, राम लखन, राम सुंदर, लालचंद्र, राधेलाल, बिरजू, इसरार, सुखदेव, इश्तियाक, श्रीराम, मनीराम, श्यामा देवी, कोलई, शोहराब, इबरार, तेज पाल समेत 25 लोगों के मकान को अपनी चपेट में ले लिया।