प्रवर्तन दल लखनऊ जोन की टीम ने बृहस्पतिवार को शहर में संचालित एक स्कूल में बिजली की चोरी पकड़ी। यह स्कूल भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य रश्मि सिंह का बताया जा रहा है। शमन शुल्क जमा करने से मना करने पर टीम ने विद्युत चोरी का केस दर्ज कराया है।
विद्युत प्रवर्तन दल लखनऊ जोन के अवर अभियंता पंकज कुमार श्रीवास्तव व उप निरीक्षक शादाब खान के नेतृत्व में चार अगस्त को टीम ने शहर के एसडीएम कॉलोनी स्थित अमेठी पब्लिक स्कूल में सुबह करीब 9:30 बजे चेकिंग की थी।
कोतवाली में दी गई तहरीर के मुताबिक चेकिंग के दौरान एसटी लाइन से आ रही इनकमिंग केबल को काटकर उसमें दूसरी केबल जोड़कर सबमर्सिबल व बल्ब में करीब एक किलोवाट का उपभोग होता पाया गया था। तहरीर में यह भी लिखा है कि उपभोक्ता को शमन शुल्क जमा करने को कहा गया था।
पांच अगस्त को दोबारा शमन शुल्क जमा करने को कहने पर उपभोक्ता की ओर से मना कर दिया गया। कोतवाली पुलिस ने टीम की तहरीर पर भाजपा नेत्री के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने इसकी पुष्टि की है। इस संबंध में भाजपा नेत्री रश्मि सिंह का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल पर संपर्क किया गया लेकिन उनका फोन नहीं उठा।