पीजी कॉलेज नाहन में शनिवार को एसएफआई व एबीवीपी के कार्यकर्ता गुत्थमगुत्था हो गए। दोनों छात्र गुटों के बीच खूब लात-घूसे चले। इस दौरान दोनों गुटों के बीच पहले कॉलेज परिसर में जमकर मारपीट हुई। कॉलेज प्रशासन व पुलिस के बीच-बचाव के बाद जब कार्यकर्ताओं को इधर-उधर किया गया, लेकिन वहां से एसएफडीए हाल के पास जाकर दोबारा भीड़ गए। इस मारपीट में एबीवीपी के आधा दर्जन कार्यकर्ता घायल हो गए। इसमें विनय छिंटा, पारस, नरेंद्र, विनोद व विक्की को चोटें आई हैं। घायलों का नाहन अस्पताल में मेडिकल करवाया गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे कॉलेज परिसर में एबीवीपी व एसएफआई के कार्यकर्ताओं में जमकर मारपीट शुरू हो गई। इसमें एबीवीपी के कई कार्यकर्ताओं के कपड़े फट गए वहीं कई चोटिल हो गए। बताया जा रहा है कि एसएफआई की एक स्टेट वर्कशाप नाहन के एसएफडीए के पास हुई। आरोप है कि वर्कशाप में भाग लेने पहुंचे स्टेट के एसएफआई के कुछ कार्यकर्ता कॉलेज कैंपस में घुस गए जहां मारपीट शुरू हो गई।
दोनों छात्र गुटों का एक दूसरे पर आरोप है कि कॉलेज परिसर के आसपास लगाए गए पोस्टर फाड़ दिए। विवाद की यह भी वजह मानी जा रही है। बहरहाल, दोनों छात्र संगठन दिनभर एक दूसरे पर आरोप जड़ते रहे। एसएफआई का भी आरोप है कि वर्कशाप में भाग लेने पहुंचे उनके एक छात्र नेता पर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने पहले हमला किया।
एसएफआई के पूर्व एससीए अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने एसएफआई के पोस्टर फाड़ डाले। कॉलेज परिसर में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने पहले मारपीट शुरू की। उन्होंने बताया कि कोई भी आउटसाइडर कॉलेज में नहीं घुसा था। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने वर्कशाप में भाग लेने आए कार्यकर्ताओं से दुर्व्यवहार व मारपीट की।
एबीवीपी के प्रांत महामंत्री अमित ने बताया कि एसएफआई कॉलेज का माहौल खराब कर रही है। साढ़े 9 बजे के करीब एसएफआई के कार्यकर्ता व आउटसाइडर कॉलेज में जबरदस्ती घुस गए। इन कार्यकर्ताओं ने एबीवीपी के छात्र कार्यकर्ताओं पर बेवजह हमला बोल दिया।
कॉलेज के प्रिंसिपल दिनेश कुमार भारद्वाज ने बताया कि यदि किसी भी छात्र संगठन का कार्यकर्ता उनके पास शिकायत लेकर पहुंचेगा तो जरुर कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि कॉलेज में गश्त बढ़ाए जाने के लिए एसपी सिरमौर को पत्र भेज दिया है।