जगदीशपुर (सुल्तानपुर)। रायबरेली-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कटेहटी गांव के पास बुधवार की सुबह भाजपा नेता की जीप सड़क पर गिरे महुआ के पेड़ की डाल से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। दुर्घटना में भाजपा नेता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो माह की नातिन और बेटी व बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने सीएचसी में भर्ती कराया है।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मटियारीकलां गांव निवासी संतबक्स सिंह (55) पुत्र सुखदेव सिंह भाजपा के पंचायत प्रकोष्ठ के जिला संयोजक थे। वह पूर्व जिला पंचायत सदस्य भी रह चुके थे। बुधवार की सुबह संतबक्स सिंह अपनी बेटी कल्पना (30), दो माह की नातिन खुशी को उसके ससुराल लखनऊ छोड़ने के लिए बोलेरो जीप से निकले थे। जीप भाजपा नेता का बेटा आशुतोष प्रताप सिंह उर्फ पिंटू (28) चला रहा था।
जीप रायबरेली-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कटेहटी गांव के पास पहुंची थी कि सड़क पर गिरे महुआ के पेड़ की डाल से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। इस दौरान एक पेड़ की डाल जीप में आगे बैठे संतबक्स सिंह के सिर में घुस गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।