हमलावरों ने एआरटीओ के वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। एआरटीओ की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद समेत पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एआरटीओ प्रवर्तन अखिलेश द्विवेदी बोलेरो जीप (यूपी32-एफई2800) पर बैठकर विभाग के सिपाहियों के साथ शनिवार की सुबह मुसाफिरखाना कोतवाली के पास स्थित हड़गड़वा के पास ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी चेकिंग के दौरान एआरटीओ ने मोरंग लदे ट्रक (यूपी- 44टी 8397) को पकड़ लिया।
एआरटीओ ने ट्रक चालक से वाहन के पेपर मांगे तो चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। ट्रक चालक ने इसकी सूचना वाहन स्वामी को दी। सूचना के बाद एक कार पर सवार करीब पांच लोग चेकिंग कर रहे एआरटीओ के पास पहुंच गए।
कार सवार युवकों ने एआरटीओ से ट्रक छोड़ने को कहा। एआरटीओ के ट्रक छोड़ने से इंकार करने पर युवकों ने कार में रखे हॉकी व डंडा निकालकर जीप पर हमला कर दिया। हमलावर एआरटीओ को जीप से बाहर खींचने लगे। अचानक हुए हमले से एआरटीओ और सिपाही सकते में आ गए।
एआरटीओ को बचाने दौड़े सिपाही शेर सिंह व विनोद कुमार सिंह हमलावरों से भिड़ गए। हमलावरों ने दोनों सिपाहियों की डंडे से जमकर पिटाई की। हमले से जीप के शीशे टूट गए। हमले के बाद युवक एआरटीओ को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। एआरटीओ की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने ओवरलोड ट्रक को कब्जे में लेकर कोतवाली में सीज कर दिया।
पुलिस ने एआरटीओ प्रवर्तन अखिलेश द्विवेदी की तहरीर पर मैहर प्रताप उर्फ इलू जायसवाल, नौशाद निवासी मुसाफिरखाना समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक हीरालाल ने बताया कि एआरटीओ पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
कोई नहीं सुरक्षित
मुसाफिरखाना कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर शनिवार को हुए एआरटीओ प्रवर्तन पर हुए जानलेवा हमले ने पुलिस की सक्रियता की कलई खोल कर रख दी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आए दिन क्षेत्र में लूटपाट और चोरी की घटनाएं होती रहती हैं। पुलिस ड्यूटी से नदारद रहती है। शनिवार को हड़गड़वा के पास पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी लेकिन कोई वहां तैनात नहीं था।