लूट में शामिल 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
सुल्तानपुर। तीन माह पूर्व सेल्समैन को गोली मारकर 35 सौ रुपये लूटने के एक आरोपी को पुलिस ने एसटीएफ की मदद से मंगलवार को गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम घोषित था।
जयसिंहपुर क्षेत्र के बगिया चौराहे पर स्थित दिनेश उपाध्याय के देसी शराब ठेके पर बैठे संजय सिंह निवासी थरियाकलां थाना हैदरगंज जिला फैजाबाद को 30 अगस्त को बदमाशों ने गोली मारकर 35 सौ रुपये लूट लिए थे। पुलिस तफ्तीश के दौरान सुरेश कोरी, लालसा हरिजन, तेज बहादुर मिश्रा उर्फ डब्लू मिश्रा, परसुराम के साथ शैलेंद्र तिवारी उर्फ राजू निवासी उदयपुर थाना बेवाना अंबेडकर नगर का नाम प्रकाश में आया था।
पुलिस ने सात सितंबर को मुठभेड़ के दौरान सुरेश कोरी, लालसा हरिजन, तेज बहादुर मिश्रा और परसुराम को गिरफ्तार कर लिया। शैलेंद्र तिवारी फरार था। पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने शैलेंद्र की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार का इनाम घोषित किया। मंगलवार को पुलिस ने एसटीएफ लखनऊ की टीम की मदद से शैलेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। एसपी के मुताबिक पूछताछ में शैलेंद्र ने बताया कि 27 जुलाई को गोसाईगंज क्षेत्र की उघड़पुर बाजार में एक सराफ की दुकान से चोरी भी की थी। घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई है।