बिना सूचना के ड्यूटी से नदारद रहने वाली शिक्षिका निलंबित
- लंभुआ विकासखंड क्षेत्र के सैतापुर सराय उप्रावि का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। बिना किसी पूर्व सूचना के विद्यालय में अनुपस्थित रहना एक शिक्षिका को भारी पड़ गया। खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट पर बीएसए ने शिक्षिका को निलंबित कर दिया है।
लंभुआ विकासखंड क्षेत्र के सैतापुर सराय उच्च प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत निमिषा शाही 28 फरवरी को खंड शिक्षा अधिकारी अश्विनी सिंह के निरीक्षण में अनुपस्थित पाई गई थीं। निरीक्षण में प्रधानाध्यापिका इंद्रावती सिंह व सहायक अध्यापक अनिल चौरसिया उपस्थित थे लेकिन सहायक अध्यापिका निमिषा शाही बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिलीं। अभिलेख देखने से यह भी पता चला कि निमिषा शाही जनवरी माह में पांच से 18 तारीख तक अनुपस्थित थीं तथा 21 जनवरी से 14 फरवरी तक ड्यूटी से नदारद रहीं। यही नहीं 21 फरवरी से फिर से लगातार अनुपस्थित रहीं। बीएसए कृष्णकुमार सिंह ने निमिषा को निलंबित करते हुए उच्च प्राथमिक विद्यालय मिश्रपुर से संबद्ध किया है। प्रकरण में जयसिंहपुर खंड शिक्षा अधिकारी पंकज सिंह को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
बॉक्स
अध्यापिकाओं से दुर्व्यवहार की बीएसए से शिकायत
सुल्तानपुर। दूबेपुर विकासखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय अमेठा में इंचार्ज प्रधानाध्यापक पर सहकर्मी शिक्षिकाओं ने गाली-गलौज व दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। यही नहीं प्रभारी प्रधानाध्यापक की ओर से शिक्षिकाओं से अभद्र व्यवहार करने का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बीएसए कृष्णकुमार सिंह ने बताया कि अमेठा प्राथमिक विद्यालय में विवाद का मामला संज्ञान में आने पर उन्होंने खुद स्कूल जाकर निरीक्षण किया था। निरीक्षण में तीन शिक्षिकाओं के रायबरेली से आने में देरी का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। शिक्षिकाओं की ओर से शिकायती पत्र मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी।