अवैध खनन रोकने पहुंचे कानूनगो पर जेसीबी चढ़ाने का प्रयास
अमेठी। क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत पर जांच करने पहुंचे एक कानूनगो पर चालक ने जेसीबी चढ़ाने का प्रयास किया। कानूनगो की सूचना पर काफी देर बाद पुलिस पहुंची लेकिन शाम तक कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
यह मामला क्षेत्र के मंगलपुर का है। गांव के पास जेसीबी से अवैध खनन किए जाने की सूचना ग्रामीणों ने टेलीफोन पर जिलाधिकारी से की थी। डीएम के निर्देश पर क्षेत्रीय कानूनगो (राजस्व निरीक्षक) राम शंकर पांडेय राजस्वकर्मियों साथ मौके पर गए। कानूनगो ने अवैध खनन कर रही जेसीबी को रोकते हुए थाने चलने के लिए कहा। कानूनगो राम शंकर का कहना है कि जेसीबी चालक ने उन पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया।
उन्होंने जेसीबी के आगे बाइक खड़ी कर उसे रोका और मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। काफी देर तक पुलिस नहीं पहुंची तो राजस्व निरीक्षक ने मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी। एसपी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उधर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह का कहना था कि वह वीआईपी ड्यूटी में थे। मौके पर पुलिस को भेजा गया है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।