नगर पंचायत झालू के चेयरमैन पर जानलेवा हमला
बिजनौर। नगर पंचायत झालू के चेयरमैन शहजाद अहमद पर रविवार की रात घर में घुसकर जानलेवा हमला किया गया। आरोप पूर्व चेयरमैन राशिद हुसैन के पुत्र और भाई सहित अन्य साथियों पर लगाया गया है। एक हमलावर को तमंचे समेत पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए शहजाद अहमद अपने समर्थकों के साथ सोमवार को एसपी से मिले।
नगर पंचायत झालू के चेयरमैन शहजाद अहमद के अनुसार रविवार की रात करीब नौ बजे पूर्व चेयरमैन राशिद हुसैन का पुत्र नवेद अपने चाचा रागिब हुसैन, मोहल्ला मौलवियान निवासी रिश्तेदार इदरीस, मोहल्ला चौधरियान निवासी अरुण उर्फ गोपी, राशिद कॉलोनी निवासी अशफाक, मोहल्ला मंदिरवाला निवासी मोनू व दो तीन अज्ञात व्यक्तियों के साथ दो कारों में सवार होकर झालू स्थित उनके आवास पर पहुंचा। सभी ने अपने हाथ में तमंचे और माउजर ले रखे थे। आरोप है कि उसके सामने आते ही नवेद ने जान से मारने के इरादे से तमंचे से गोली चला दी। वे बाल बाल बच गए। गोली चलने की आवाज पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। चेयरमैन शहजाद अहमद ने अपने समर्थकों के साथ अशफाक को भागते हुए दबोच लिया। अशफाक के पास तमंचा मिला। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। शहजाद अहमद का आरोप पूर्व चेयरमैन राशिद हुसैन ने चुनाव हारने के बाद रंजिश के तहत उन पर पहले भी जानलेवा हमला कराया था। रविवार रात भी सोची समझी साजिश के तहत उन पर हमला कराया गया। पुलिस को तहरीर दे दी गई है। इस हमले के बाद उनकी जान को खतरा बना हुआ है। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। सोमवार को शहजाद अहमद अपने समर्थकों के साथ बिजनौर आकर एसपी उमेश कुमार सिंह से मिले। प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। एसपी ने रिपोर्ट दर्ज कराने का आश्वासन दिया।
हल्दौर थाने के प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र भड़ाना के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। उधर, पूर्व चेयरमैन राशिद हुसैन ने बताया शहजाद अहमद पहले भी उनके परिवार पर साजिश के तहत हमले कराने के आरोप लगाते आए हैं। ये आरोप भी झूठे पाए गए। अब भी उनके बेटे नवेद पर अन्य लोगों पर जानलेवा हमला करने का झूठा आरोप लगा रहे हैं। जांच होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी। वहीं, आरोपी अरुण गोपी के मुताबिक उसका इस विवाद से कोई लेना देना नहीं है। वह एक सड़क का टेंडर ले रहा था। इसलिए उसे भी फंसाया गया है।