निलंबित होगा घूसखोरी का आरोपी सहायक लेखाकार
गौरीगंज। बिना रिश्वत काम नहीं करने की आदत भादर में तैनात सहायक लेखाकार को भारी पड़ी। रिश्वतखोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शुक्रवार को सीडीओ ने सहायक लेखाकार को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कराने की संस्तुति निदेशक आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा उत्तर प्रदेश के पास भेज दी है।
विकास विभाग की ओर से सहायक लेखाकार सुरेंद्र कुमार यादव की तैनाती भादर ब्लॉक में की गई है। सहायक लेखाकार की कमी को देखते हुए भादर के अलावा उसे जामों व बहादुरपुर ब्लॉकों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। बृहस्पतिवार दोपहर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक की ओर से बनाए गए वाट्स एप ग्रुप के अलावा फेसबुक पर एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में सहायक लेखाकर सुरेंद्र जामों ब्लॉक परिसर मेें एक व्यक्ति से फाइल के साथ हजारों रुपये की रिश्वत लेता दिख रहा है। मोबाइल से बनाए गए इस वीडियो के वायरल होने के बाद डीएम योगेश कुमार ने सीडीओ अपूर्वा दुबे को आरोपी सहायक लेखाकार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया था। डीएम के आदेश पर शुक्रवार को सीडीओ ने निदेशक आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा उत्तर प्रदेश को पत्र भेजकर उसे तत्काल निलंबित करने के साथ ही विभागीय जांच शुरू कराने की संस्तुति की है।