कपड़ा व्यवसायी से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। 48 घंटे में रुपयों की व्यवस्था न करने पर व्यवसायी को बेटे व परिवार की हत्या कर देने की धमकी मिली है। पुलिस ने पीड़ित व्यवसायी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। धमकी मिलने से व्यवसायी का परिवार भयभीत है।
चांदा कोतवाली क्षेत्र के कस्बा निवासी जयप्रकाश वैश्य पुत्र राजाराम वैश्य की चौराहे के पास कपड़े की दुकान है। दो दिन पहले 11 अप्रैल को व्यवसायी के फोन पर किसी ने कॉल करके बात की लेकिन नेटवर्क खराब होने की वजह से बात नहीं हो सकी। 12 अप्रैल को फिर व्यवसायी के मोबाइल पर किसी ने फोन किया और बोला कि तुमने कल मेरे आदमी का फोन काट दिया था। इस पर व्यवसायी जय प्रकाश वैश्य ने कहा कि नेटवर्क खराब था।
मैंने जान-बूझकर फोन नही काटा। तब फोन करने वाले ने व्यवसायी से कहा कि 48 घंटे में पांच लाख रुपये तैयार रखना, मेरा आदमी तुम्हें फोन करेगा और जहां कहेगा रुपये पहुंचा देना। इसके बाद फोन कट गया। शाम करीब साढ़े चार बजे फिर व्यवसायी के फोन पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को किसी अन्ना का आदमी बताते हुए कहा कि मैं तुम्हारे बेटे व परिवार को अच्छी तरह से जानता हूं। पांच लाख रुपये तैयार रखना, यदि रुपये तैयार नही रहेंगे तो तुम्हारे बेटे व परिवार की हत्या कर दूंगा।
लगातार दो दिनों में तीन बार फोन के जरिए पांच लाख रुपये की रंगदारी व धमकी मिलने से व्यवसायी और उसका परिवार भयभीत हो गया। पीड़ित व्यवसायी बुधवार को कोतवाली पहुंचा और कोतवाल आरपी ओझा से पूरी बात बताई। कोतवाल ने तत्काल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी।